पुस्तक में क्या है
अपनी बात भाग-1
उनके शुरुआती लेखन को पुस्तक में मोटे तौर पर छोड़ दिया गया है। कारण यह है कि पहले धर्मयुग में और फिर जून 1977 में ‘रविवार’ के शुरू होने पर उन्होंने अपनी पत्रिकाओं में जो लिखा वह कई बार बिना नाम के संपादकीय के तौर पर या छद्म नाम से था, जिन्हें पहचान कर पता कर पाना मेरे लिए संभव नहीं था। और इसमें मदद करने वाला भी कोई दिखाई नहीं पड़ा। इसके अलावा उतनी पुरानी पत्रिकाएं मिल पाना भी उतना सहज नहीं था। उपलब्ध सभी स्रोतों में ढूंढने पर भी ये सभी पत्रिकाएं सिलसिलेवार नहीं मिल पाईं। इस पृष्ठभूमि में, इस मौजूदा संचयन में एसपी के सभी आलेखों के शामिल होने का कोई दावा नहीं है। इसकी एक सफाई यह भी दी जा सकती है कि शुरुआती समय एस पी के लेखन के परिपक्व और मजबूत होते जाने का दौर था इसलिए बाद का लेखन शुरुआती लेखों के मुकाबले कहीं ज्यादा महत्वपूर्ण है। इसके अलावा एसपी को पहले से जानने वालों की जानकारी के मुताबिक शुरू में एसपी ने लिखा भी तो विविध विषयों पर, प्रकाशन की जरूरत के मुताबिक। एसपी अंग्रेजी के भी स्थापित और लोकप्रिय पत्रकार और कॉलम लेखक थे। ‘इकोनॉमिक टाइम्स’, ‘बिजनेस स्टैंडर्ड’ में उनके नियमित स्तंभ छपे तो ‘बिजनेस स्टैंडर्ड’ और ‘टेलीग्राफ’ में वे वरिष्ठ संपादकीय पदों पर भी रहे। लेकिन इस संचयन में अंग्रेजी में मैंने उनके लेखन को नहीं शामिल करने का ही निर्णय लिया, ताकि समरूपता बनी रहे। इसका एक अर्थ यह भी है कि उनके अंग्रेजी में लेखन के संचयन की संभावना बाकी रहती है।
एस पी के प्राप्त आलेखों को इस पुस्तक में विषय के आधार पर आठ हिस्सों में बांटा है। इन विषयों के तहत लेखों को तारीखवार रखा गया है ताकि विषय और घटनाओं के विकास को सहजता से समझा जा सके। पहला हिस्सा ‘सामाजिक न्याय’ है। सामाजिक बराबरी की पक्षधरता, कमजोर के साथ खड़े होने और अपना पक्ष तर्कों के जरिए स्पष्ट करते जाने की लगातार कोशिश उस सामाजिक उतार-चढ़ाव के दौर में कम ही पत्रकारों ने की है। मंडल आयोग के हंगामे के बीच ‘नवभारत टाइम्स’ के परिशिष्ट ‘रविवार्ता’ में उनकी लिखी आवरण कथा- ‘मुद्दा नौकरी नहीं सम्मान है’ को पुस्तक का पहला लेख बनाया गया है जो ‘सामाजिक न्याय’ खंड में शामिल है। इस अखबार में उनके शुरुआती लेखों में से है यह लेख। ‘सांप्रदायिकता’ पर फोकस करता किताब का दूसरा हिस्सा 1990 से 1995 के बीच धर्म के नाम पर हुए महत्वपूर्ण राजनीतिक उतार-चढाव का पृष्ठभूमि सहित खासा रंगीन खाका खींचता है।
1990 के मध्य में वी पी सिंह की सरकार ने मंडल कमीशन की सिफारिशें लागू करने की घोषणा कर दी तो विपक्ष के नेता लालकृष्ण आडवाणी ने सोमनाथ से अयोध्या तक रथयात्रा निकाली। ऐसे समय में एस पी साफ कहते थे कि इन तात्कालिक भावनात्मक मुद्दों से लोगों को बहलाने वाले राजनीतिज्ञ आम जन की बेरोजगारी, अशिक्षा, सामाजिक असमानता, आर्थिक पिछड़ेपन जैसे मुद्दों पर असंतोष की भाषा नहीं पढ़ पा रहे हैं इसलिए दोनों ही विचारधाराओं के सहारे राजनीतिज्ञ लंबे समय तक सत्ता में नहीं रह सकते।
कांग्रेस को भी उसी गहराई से समझने वाले एसपी ने तीन प्रमुख राजनीतिक घटकों- कांग्रेस, तीसरा मोर्चा और भाजपा के आंतरिक मामलों और कमियों-कमजोरियों के अलावा खास तौर पर राज्यों की चुनाव-राजनीति पर काफी लिखा जिसे पुस्तक के तीसरे खंड- ‘राजनीति’ में इन्हीं चार उप-शीर्षकों- कांग्रेस, तीसरा मोर्चा, भाजपा और चुनाव-राजनीति के तहत लिया है। महंगाई, अर्थनीति, अर्थव्यवस्था पर उनके उपलब्ध आलेखों को ‘अर्थनीति’ खंड में रखा गया है। देश और राज्यों में चल रहे कुशासन पर उनके लेख ‘राजकाज-भ्रष्टाचार’ खंड में हैं।
कश्मीर की उलझन पर उनके लेख ‘कश्मीर’ शीर्षक से अगले खंड में शामिल हैं। कश्मीर की समस्या को बेहद गहरा और सुलझाव के सूत्र के सिरे को काफी दूर कहने वाले एसपी ने साफ लिखा- “घाटी का अलगाववादी मानस आज जिस तरह से रूढ़ हो चुका है अब वह किसी आर्थिक पैकेज या सिर्फ राजनीतिक प्रक्रिया प्रारंभ करने की चेष्टा मात्र से शांत होने वाला नहीं है।”
पत्रकारिता के व्यवसाय और विचार में अपने समय से आगे रहे एसपी के इस विषय पर विचार ‘पत्रकारिता’ खंड में हैं। पेशे की प्रतिबद्धता को सबसे महत्वपूर्ण मानने वाले एसपी ने अपने को हिंदी की पत्रकारिता के कथित पतन के निरर्थक विलाप से अगल रखा। पत्रकारिता की भाषा और तरीके में आ रहे तेज बदलावों पर उनकी सोच लगातार सकारात्मक रही।
हिंदी साहित्य की पढ़ाई करने के बावजूद एसपी भाषा के मामले में लिबरल थे जो उनके लेखों में साफ झलकता है। भाषा को राष्ट्रीय अस्मिता से जोड़ने की महीन राजनीति करने वालों को उन्होंने अपने लेखन में लगातार आड़े हाथों लिया और लिखा कि उन पर विश्वास करके अपनी भाषा से जुड़ा समाज का एक हिस्सा लगातार पिछड़ता जा रहा है। उन्होंने उस समय की नई विकसित हो रही हिंदी भाषा यानी आज की अखबारी या मीडिया की मिली-जुली भाषा को नई दिशा दी। उन्होंने भाषा के परिष्कार को टेलीविजन माध्यम की तेजी में रुकावट नहीं बनने दिया। “हिंदी की स्थिति इससे बेहतर कभी नहीं रही”- ऐसा कहने वाले एसपी महान प्राचीन भारत के उस तिलस्मी विचार के मोहजाल से निकलकर वास्तविकता के धरातल पर खड़े थे। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि दोनों भाषाओं के जानकार एसपी ने हिंदी में पत्रकारिता की और अंग्रेजी के मुकाबले हिंदी की पत्रकारिता को दोयम मानने के विचार को को तथ्यों और तर्कों के साथ बकवास बताया।
समाज और संस्कृति के विभिन्न पक्षों पर उनके सम-सामयिक लेख ‘समाज-संस्कृति’ शीर्षक खंड में हैँ। हाल ही में हरियाणा के बबली-मनोज की तर्ज पर 1993 में मुजफ्फरनगर के गांव खंदराबली में सरिता और सतीश की पंचायत के फैसले के बाद नृशंस हत्या का एसपी ने गहरा विरोध किया था। मर्यादा और सदाचार के नाम पर समाज में बर्बरता का अनुमोदन करने वाले नेताओं को उन्होंने जम कर लताड़ा।
‘राजकाज’ खंड में उनके वे लेख शामिल हैं जिनमें उन्होंने शासन व्यवस्था की कमजोरियों को उभारा है। सांसदों के कामकाज पर उनकी टिप्पणी है- “यदि उनसे किसी मसले को उठवाना है तो सबसे आसान तरीका है कि अखबारों में खबर छपवाइए और उन्हें फोन कीजिए कि वे उस खबर को पढ़ लें।” भ्रष्टाचार से लेकर महंगाई, फोटो पहचानपत्र बनाने में राज्यों की तत्कालीन हीलाहवाली और जनसंख्या तक के विभिन्न मुद्दों पर उनके लेख इस खंड में रखे गए हैं।
यह मोटा विभाजन सिर्फ पाठ की सुविधा के लिए है, अन्यथा कई लेख अपने विषय की सीमा लांघते-से लगते हैं तो कई लेख लगता है कि एकाधिक खंडों का हिस्सा हो सकते थे।
दरअसल एसपी टेलीविजन पत्रकारिता के शुरुआती लोगों में तो थे ही, वे कई अर्थों में टीवी पत्रकारिता के पायनियर थे। निस्संदेह, हिंदी में टीवी समाचार की भाषा, विषय, प्रस्तुतीकरण और स्टाइल को महत्वपूर्ण मुकाम तक पहुंचाने में अकेले एसपी की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण रही। माध्यम के तौर पर टेलीविजन और सरकारी चैनल पर आधे घंटे के दैनिक कार्यक्रम ‘आजतक’ की सीमाओं के बाद भी वह एक तरह से उनकी समग्र अभिव्यक्ति का मंच था। वे खुद रिपोर्टिंग भले ही न कर रहे हों लेकिन ‘आजतक’ की हर स्टोरी में कथासूत्र, यानी आइडिया से लेकर ट्रीटमेंट, स्क्रिप्ट, भाषा और अंततः प्रस्तुतिकरण तक सभी में उनकी छाप रहती थी। ‘आजतक’ के दो एपीसोड बेहद चर्चित रहे। एक था- गणेशजी के ‘दूध पीने’ की घटना पर उनका पूर्णतः तार्किक, वैज्ञानिक कार्यक्रम, जो धर्मभीरु आम हिंदुस्तानी के गले नहीं उतर पाया। दूसरा, उपहार सिनेमा अग्निकांड के अगले दिन का संवेदनापूर्ण और भावुक कार्यक्रम जो पूरा का पूरा उसी अग्निकांड को समर्पित था।
पुस्तक के अंत में उनके शुरू किए गए दूरदर्शन पर प्रसारित होने वाले आधे घंटे के करेंट अफेयर्स के कार्यक्रम ‘आजतक’ की दो यादगार कड़ियों का ट्रांसक्रिप्शन है। 1984 में गौतम घोष के निर्देशन में बनी फिल्म ‘पार’ के संवाद एस पी सिंह ने लिखे थे। फिल्म के कुछेक संवाद की दृष्टि से प्रभावी हिस्सों का भी ट्रांसक्रिप्शन साथ में लिया गया है।
कोई 15 साल पहले की उनकी विचार-प्रक्रिया और मुद्दों को देखने का नजरिया समय से आगे के थे, जो आज भी ताजा, सामयिक और महत्वपूर्ण लगते हैं। उनके विचार इकट्ठा एक जगह मिल पाने की सुविधा जैसे मकसद को ध्यान में रखकर यह पुस्तक तैयार करने का विचार आया और मुझे संतोष है कि कमियों और संभवतः गलतियों के साथ ही सही, पर यह काम हो पाया।
एस पी सिंह के करीबी रहे समाजवादी आंदोलन से जुड़े जूगनू शारदेय की उन पर टिप्पणी पुस्तक के शुरू में दी गई है ताकि रचना को एक संदर्भ में देखा जा सके। जुगनू जी इसके लिए समय निकाल पाए, इसके लिए उनका विशेष धन्यवाद।
एसपी के लेख एक जगह ला पाने का यह काम संभव नहीं था अगर इतने सारे लोग सहृदयता के साथ इससे न जुड़े होते। सबसे पहले तो शिखा त्रिवेदी का आभार, जिनकी अनापत्ति के बिना इस संचयन का प्रकाशन नहीं हो पाता। जो डिजिटल तकनीक फोटोकॉपी का सरल विकल्प बनी, उसी ने प्रूफ का काम ज्यादा कठिन बना दिया। कॉपी होल्डिंग के सबसे थकाऊ, एकरस फिर भी दिलचस्प काम में साथ देने के लिए दिलीप मंडल का विशेष आभार। धन्यवाद का एक शब्द 14 साल के होने को आए बेटे अरिंदम के लिए भी, जिसने इस काम के दौरान मेरी सहूलियत का भरसक ख्याल रखा। ऊपर जिनके नाम लिए हैं, और अनेक, जिनके नाम मैं यहां नहीं ले पाई, सबने बिना किसी अपेक्षा के दिल्ली के व्यस्त महानगरीय जीवन की आपाधापियों के बीच इस काम के लिए समय निकाला और भरसक सहयोग किया। उन सब के प्रति मेरा हार्दिक आभार। यह किताब सभी के साझा प्रयासों का नतीजा है।
पत्रकारिता का महानायकः सुरेंद्र प्रताप सिंह संचयन पुस्तक से
ये थी खबरें आजतक,इंतजार कीजिए कल तक. एसपी यानी सुरेंद्र प्रताप सिंह। दूरदर्शन कार्यक्रम आज तक के संपादक एसपी सिंह जितना यथार्थ बताते रहे, उतना फिर कभी किसी संपादक ने टीवी पर नहीं बताया।रविवार पत्रिका की खोजी पत्रकारिता के पीछे उन्हीं की दृष्टि थी।राजनीतिक-सामाजिक हलचलों के असर का सटीक अंदाज़ा लगाना और सरल भाषा में उसका खुलासा कर देना उनका स्टाइल था।पाखंड से आगे की पत्रकारिता के माहिर थे एसपी।पत्रकारिता के पहले और आखिरी महानायक एसपी के लेखन का संचयन राजकमल ने छापा है। वही लेख आपको यहां मिलेंगे
कुल पेज दृश्य
अपनी बात लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

मंगलवार, 4 अक्टूबर 2011
अपनी बात भाग-1
संचयन क्यों और कैसे
“तो ये थी खबरें आजतक, इंतजार कीजिए कल तक।”- 90 के दशक के टेलीविजन दर्शकों को यह जुमला अब भी याद होगा। लेकिन इसे बोलने वाले सुरेंद्र प्रताप सिंह का नाम शायद कम लोगों को याद हो। आजतक के प्रस्तुतकर्ता होने के अलावा आमजन में सुरेंद्र प्रताप सिंह का कोई और परिचय कम ही है। लेकिन पत्रकार-जगत के लोग जानते हैं कि एसपी के नाम से मशहूर सुरेंद्र प्रताप सिंह ने प्रिंट और टेलीविजन दोनों ही माध्यमों में पत्रकारिता के नए प्रतिमान गढ़े, नई परंपराएं शुरू कीं। जन-पक्षधरता और राजनीति की पैनी समझ उनकी अभिव्यक्ति को धारदार बनाती थी। खबर के पीछे की खबर को सूंघ पाने की उनकी काबिलियत ने उन्हें अपने समकालीनों से अलग खड़ा किया। अखबार के किसी कोने की एक सिंगल कॉलम खबर को कवर स्टोरी बना लेने की हिम्मत और प्रतिभा कम ही लोगों में होती है।
एसपी के लेखन को इस पुस्तक में कालखंड में नहीं बल्कि विषयों में बांटा है। लेकिन विषयों के आधार पर बने खंडों में कालखंड के हिसाब से रखे गए उनके लेखों को देखें तो साफ दिखाई पड़ता है कि जब भी एसपी सिंह किसी अखबार या चैनल के प्रमुख कर्ताधर्ता रहे तब उन्होंने या तो नहीं लिखा या बहुत कम लिखा। आम तौर पर जब कोई संपादक होता है तो पूरे अखबार को अपनी जमीन मानता है। इसलिए अमूमन सभी संपादक अपने अखबार में कॉलम लिखते हैं। कुछ संपादक अपने अखबार या पत्रिका में ढेर सारी जगह घेरने के लिए कुख्यात भी रहे हैं। लेकिन ऐसा क्यों हुआ होगा कि जब एसपी सिंह रविवार के कर्ताधर्ता रहे, तब उन्होंने सबसे कम लिखा? एसपी के समकलीनों से बात करने पर पता चला और यह तार्किक भी लगता है कि एसपी सिंह जब-जब संपादक रहे, तब-तब उन्होंने समूची पत्रिका, समाचार पत्र या चैनल के जरिए अपनी बात लोगों तक पहुंचाई। कहा जा सकता है कि एसपी ‘रविवार’ में खुद नहीं लिखते थे, लेकिन वे जिस तरह से लोगों तक बात पहुंचाना चाहते थे, वह काम पूरी पत्रिका करती थी। इस मायने में देखा जाए तो ‘रविवार’ के पन्नों पर एसपी का नाम क्रेडिट लाइन के अलावा शायद ही कहीं छपता हो, लेकिन उनकी सोच पत्रिका के हर पन्ने पर होती थी। संवाददाताओं/लेखकों के नाम चाहे जो भी हों, लेकिन समग्रता में पूरी पत्रिका एसपी की जुबान बोलती नजर आती थी। वे नजर न आते हुए भी सर्वत्र होते थे। इसीलिए ‘नवभारत टाइम्स’ छोड़ने के बाद, स्वतंत्र पत्रकार, टिप्पणीकार के रूप में उन्होंने खूब लिखा और कुछ मुद्दों पर पक्ष लेकर सिलसिलेवार लिखा। जब-जब अपनी बात कहने का मौका आया तो उन्होंने साबित कर दिया कि वे न सिर्फ बेहद जोरदार लिखते हैं बल्कि घटनाओं में हस्तक्षेप भी करते हैं। खासकर मंडल कमीशन विरोधी आंदोलन के दौर में जब पूरा मीडिया आरक्षण के विरोध में बह रहा था, एसपी ने संपादकीय पेज से लेकर फीचर के पन्नों तक पर धारदार तरीके से लेखनी चलाई। सांप्रदायिकता के खिलाफ भी एसपी लगातार सजग रहे और इसका प्रमाण उनकी रचनाओं में मिलता है।
इस पुस्तक के अध्यायों में विषयों की भिन्नता के बावजूद एक निरंतरता है। सभी मुद्दों पर एसपी बिना किसी लाग-लपेट के सत्य और न्याय के पक्ष में खड़े नजर आते हैं। कई दशक तक फैले पत्रकारीय जीवन में एसपी की यह निरंतरता कभी नहीं टूटती। वे जातिवाद के समर्थन में कभी नजर नहीं आते, सांप्रदायिकता को लेकर नरमी बरतते कभी नहीं दिखते। कांग्रेस विरोध भी उनके लेखन में निरंतरता के रूप में नजर आता है। वे देश भर में चल रहे जनांदोलनों के पक्षधर के रूप में सामने आते हैँ। महिला अधिकारों को लेकर वे कभी भी डगमगाते या चूकते नहीं दिखते। भ्रष्टाचार को लेकर हमेशा बेहद सख्त होते हैं। छद्म और अनावश्यक महिमामंडन से वे परहेज करते हैं और सवाल पूछने और संदेह करने के पत्रकारीय धर्म के प्रति उनकी प्रतिबद्धता कभी कमजोर पड़ती नहीं दिखती।
इस मामले में एसपी सिंह के लेखन को एकरेखीय कहा जा सकता है, जिसकी निरंतरता तब भी नहीं टूटती, जब वे माध्यम बदलकर टेलीविजन में कार्यक्रम करते हैं। दूरदर्शन जैसे सरकारी प्लेटफॉर्म पर होने और सेंसर से बंधे होने के बावजूद ‘आजतक’ की छवि कभी सरकारी या कांग्रेसी या जनता दली कार्यक्रम के रूप में नहीं बनी, तो इसका श्रेय एसपी को ही जाता है, जो अक्सर उस व्यक्ति और पत्रकार के रूप में सामने आते हैं जो बेलौस अंदाज में जाहिर कर देता है- जो घर फूंके आपनो, चले हमारे साथ। दूरदर्शन पर सभी बाहरी कार्यक्रमों की अनिवार्य स्क्रीनिंग और जरूरत पड़ने पर सेंसरिंग भी होती थी। मगर एसपी आधे घंटे के ‘आजतक’ कार्यक्रम के टेप प्रसारण से पहले स्वीकृति के लिए इतनी देर से दूरदर्शन भेजते थे कि उसे सेंसर करना संभव नहीं हो पाता था। ऐसा करने में जोखिम था। समय पर टेप न भेजने पर दूरदर्शन के अधिकारी कभी भी कार्यक्रम प्रसारित न करने का निर्णय ले सकते थे। लेकिन जोखिम उठाने की वजह से ही तो एसपी, एसपी थे। पत्रकारिता की परंपरागत छवि के खंडित होने के दौर में एसपी एक ऐसे पत्रकार के रूप में याद किए जाएंगे जिन्होंने ‘ज्यों की त्यों चदरिया धर देने’ के सबसे जरूरी लेकिन कठिन पत्रकारीय कर्तव्य को लगातार निभाया।
सुलझे हुए, विचारवान, लोकप्रिय पत्रकार होने और अनेक समाचार संस्थानों के बड़े बैनरों का रुतबा रखने के बावजूद पुराने लोग उन्हें भूलने लगे हैं और नई पीढ़ी के लोगों ने एसपी का नाम भी नहीं सुना है, उनके लिखे को पढ़ना-जानना तो दूर की बात है। पत्रकारिता के छात्र तक उनके लेखन से वाकिफ नहीं। इसका एक बड़ा कारण उनका निर्गुट रहना है। प्रभु-वर्ग के साथ उनकी निर्गुटता सिर्फ व्यक्तियों के ही नहीं बल्कि विचारधाराओं के स्तर पर भी रही है। हालांकि उन्होंने पिछड़ों, कमजोरों की तरफदारी हमेशा की और उनके नजरिए से देश-समाज को देखने और दिखाने की कोशिश की। इस सिलसिले में वे ऐसे किसी गुट के हित-साधक नहीं हो पाए जो उनके जन्मदिन के जलसे मनाता, उनका गुणगान करता और उनके लेखन का व्यवस्थित ढंग से प्रचार-प्रसार करता। इसलिए भी जरूरी हो जाता है कि उनके लेखन को जाना जाए ताकि उसे और आगे बढ़ाया जा सके।
एसपी यानी सुरेंद्र प्रताप सिंह को गए लंबा वक्त गुजर गया है। उनकी बरसी मुझे अपने करीबियों से जुड़ी तारीखों की तरह हमेशा याद रहती है। हमेशा लगता रहा कि उनके लेखन कार्य को समेट कर एक जगह संजोने और नए पत्रकारों के सामने लाने का महत्वपूर्ण कार्य अब तक नहीं हो पाया है। काफी समय तक तो यह उम्मीद रही कि इस मामले में ज्यादा समृद्ध और समर्थ लोग यह कार्य कर रहे हैं। लेकिन इतने समय बाद भी जब कुछ सामने नहीं आया तो जोश में आकर मैंने ऐलान कर दिया कि मैं कर सकती हूं यह काम, और करूंगी। यह थी शुरुआत एक औचक लेकिन दृढ़ फैसले के रूप में। तत्काल ही योजना बननी शुरू हो गई कि एसपी की प्रकाशित सामग्री कहां-कहां से और कैसे इकट्ठी की जाएगी।
सबसे पहले, स्वाभाविक ही था कि नभाटा (नवभारत टाइम्स) का ख्याल आया। टाइम्स सेंटर फॉर मीडिया स्टडीज़ में सामाजिक पत्रकारिता की पढ़ाई के दौरान कई बार नभाटा जाते थे, प्रशिक्षु के तौर पर वहां चुनाव डेस्क पर काम किया। हालांकि मैंने इंटर्नशिप ‘दिनमान टाइम्स’ में की थी, लेकिन नभाटा को रोज पढ़ना और उसकी मीमांसा करना हमारी रोज की पढ़ाई का हिस्सा था। और वहीं के वरिष्ठजन हमें पढ़ाने-सिखाने आते थे। इसीलिए आज भी वह ‘अपना घर’, सहज पहुंच वाला दफ्तर लगता है। वहां लाइब्रेरी में फोन किया तो पता चला कि नभाटा की सभी पुरानी फाइलों की माइक्रोफिल्मिंग हो गई है। उनमें से एसपी के लेख ढूंढना खासा मुश्किल होता, क्योंकि तारीख और पेज नंबर बताने पर ही वे लेखों के प्रिंट-आउट दे पाते, और उन तारीखों को जानने का मेरे पास कोई जरिया नहीं था। उन्हींने सुझाया कि दिल्ली पब्लिक लाइब्रेरी की श्यामा प्रसाद मुखर्जी मार्ग (पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन के सामने) शाखा में नभाटा की फाइलें मिल जाएंगी। वहां अखबारों को पन्ना-दर-पन्ना अपनी नजरों से स्कैन करना संभव था। साथ ही पता चला कि साप्ताहिक छुट्टी के दिनों- शनिवार, रविवार को भी यह लाइब्रेरी खुली रहती है, पूरे समय के लिए यानी सुबह साढ़े आठ बजे से शाम साढ़े सात तक। और क्या चाहिए था! तब अपरान्ह के चार बज रहे थे। मैं तत्काल निकल पड़ी दिल्ली पब्लिक लाइब्रेरी के लिए। वहां नभाटा की फाइलें बड़ी सहजता से देखने को मिल गईं। दो-दो महीनों के अखबारों को एक साथ मोटे गत्तों में बाइंड किया गया था। उन धूल खाई बड़ी-बड़ी फाइलों को उठाना-रखना मेहनत का काम था।
एक मुश्किल यह थी कि उन बड़ी-बड़ी फाइलों के चुने हुए पेजों के लेख वाले हिस्सों की फोटोकॉपी कैसे हो। फिर एक कर्मचारी ने सुझाया कि डिजिटल कैमरे से तसवीर लेकर उनका प्रिंटआउट लिया जा सकता है, कई लोग ऐसा करते हैं। फिर तो सब आसान हो गया। उस दिन जनवरी 1989 से दिसंबर 1991 तक की फाइलें देख डालीं और उनमें छपे एसपी के संपादकीय लेखों के शीर्षकों की तारीखवार फेहरिस्त बना ली। उन पुराने अखबारों से इतने साल बाद दोबारा गुजरना भी एक अनुभव था। उस समय के विषय, विज्ञापन, पेज लेआउट, अपने साथियों और परिचितों के, जाने-माने व्यक्तियों के लेख-खबरें देख-पढ़ कर मैं बार-बार चिहुंक रही थी और उन परिस्थितियों को याद करती जा रही थी। पर रुक कर आनंद लेने का समय नहीं था। अगले दिन रविवार को अपने डिजिटल कैमरे के साथ मैं सुबह ही बड़े उत्साह से वहां पहुंची। जूतों में जैसे स्प्रिंग लग गए थे। पिछले दिन के सूचीबद्ध किए लेखों के लिए मोटी फाइलों को फिर निकालकर चित्र लेने में कतई देर नहीं लगी। आगे की फाइलें भी देख डालीं। अगले सप्ताहांत में ‘अमर उजाला’ के मेरठ दफ्तर की लाइब्रेरी में भी इस सरल डिजिटल तकनीक ने भरपूर मदद की। लेकिन इससे ज्यादा और पहले मदद की मित्र, मेरठ के वरिष्ठ पत्रकार, फोटोजर्नलिस्ट हरिशंकर जोशी ने। मेरठ पहुंचने के पहले ही उन्होंने वहां लाइब्रेरी के इस्तेमाल की सारी व्यवस्था कर दी थी।
इस बीच कुछ मित्रों से भी इस मामले पर चर्चा की और एस पी के लेख दूसरे पत्र-पत्रिकाओं में मिलने की संभावनाएं तलाशीं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ के ‘हस्तक्षेप’ परिशिष्ट में उनके कुछ लेखों और साक्षात्कारों के प्रकाशन का अंदाजा था। इसके लिए वहां सहायक संपादक और ‘हस्तक्षेप’ के प्रभारी दिलीप चौबे से फोन पर बात की तो उन्होंने फौरन मेरे लिए वह सामग्री फोटोकॉपी करके उपलब्ध करा दी। बस, मुझे इतना करना था कि परिशिष्ट के पन्नों से छानकर उपयुक्त सामग्री अलग करनी थी।
उधर लघु पत्रिका ‘समकालीन जनमत’ में रहे, जन संस्कृति मंच के सुधीर सुमन ने पत्रिका के कुछ पुराने अंकों में प्रकाशित एसपी के लेखों और साक्षात्कारों की फोटोकॉपी तत्परता से दे दी। इसी बीच मैंने दो काम और कर डाले। एक तो, जो सहज ही था- इंटरनेट पर हिंदी-अंग्रेजी में कई संबंधित ‘की वर्ड’ डालकर एसपी से जुड़ी सामग्री ढूंढने की कोशिश की। हिंदी में ‘मीडिया खबर’ वेबसाइट पर 2009 में एस पी की बरसी पर किए गए आयोजन की सामग्री में से एस पी के लिखे दो आलेख संग्रह में शामिल कर लिए। दूसरा, घर पर ही वीएचएस टेप में जाने कब से रखे हुए ‘आजतक’ के कुछ कार्यक्रमों/एपीसोड, को डिजिटल फॉर्म में कन्वर्ट करा लिया। इस टेप में वही दोनों महत्वपूर्ण कार्यक्रम थे जो मैं अपनी पुस्तक में शामिल करना चाहती थी। एक था- गणेश जी के ‘दूध पीने’ की घटना पर और दूसरा एसपी का आखिरी कार्यक्रम जो उपहार सिनेमा हॉल अग्निकांड को समर्पित था। इन दोनों कार्यक्रमों का ट्रांसक्रिप्शन करने में मुझे दो दिन लगे। जरा-जरा सी कोशिशों से रास्ते खुलते गए और सामग्री जुटती गई। कई और जगहों से सामग्री मिलने की उम्मीद थी, जिसे धीरे-धीरे एकत्र करने की कोशिशें लगातार चलती रहीं। साथ ही साथ लेखों के इन फोटो-चित्रों को टाइप करने का काम अशोक मेहता हारी-बीमारी के बाद भी तेजी से करते चले जा रहे थे।
1991 के उत्तरार्ध में एस पी ने ‘नवभारत टाइम्स’ छोड़ने के बाद 1992 में ‘इंडिया टुडे’ में एक कॉलम ‘मतांतर’ नाम से शुरू किया, जो महत्वपूर्ण है। बाद में ‘आजतक’ की शुरुआत करने के बाद फिर से उन्होंने ‘इंडिया टुडे’ के लिए ‘विचारार्थ’ नाम से स्तंभ लिखा जिसका पहला आलेख 31 दिसंबर 1995 के अंक में ‘मेहमान का पन्ना’ नाम के स्तंभ में छपा था। ‘विचारार्थ’ 30 अप्रैल 1996 तक ही चल पाया। इन स्तंभों के लिए पत्रिका की फाइलों की खोज शुरू हुई। फेसबुक पर दीक्षा राजपूत ने सुझाया कि नेहरू मेमोरियल लाइब्रेरी, तीन मूर्ति भवन में ‘इंडिया टुडे’ (हिंदी) की फाइलें उपलब्ध हैं। वहां भी काम सहज ही हो गया। इसकी अस्थाई सदस्यता के लिए विभाग के वरिष्ठ राजेश झा का पत्र काम आया। इस काम में ‘इंडिया टुडे’ के लाइब्रेरियन हनुमंत सिंह का भी महत्वपूर्ण मार्गदर्शन मिला। डॉ. श्योराजसिंह ‘बेचैन’ की पुस्तक ‘दलित पत्रकारिता पर पत्रकार अंबेडकर का प्रभाव’ में प्रकाशित उनका एस पी के ‘आजतक’ में आने के बाद का साक्षात्कार और एस एस गौतम और ‘बेचैन’ के संपादन में छपी पुस्तक ‘मीडिया और दलित’ में एसपी का पुनर्प्रकाशित लेख ‘मीडिया हमेशा सवर्णों का पैरोकार रहा है’ भी घरेलू अभिलेखागार में मिल गए। और इसी खजाने में अप्रत्याशित रूप से मिले एसपी का एक लेख और ‘बदलती सामाजिक परिस्थितियों में पत्रकारिता की भूमिका’ पर हुई विचार गोष्ठी के लिए लिखा गया उनका पर्चा। ये दोनों ही, पत्रिका ‘प्रथम प्रवक्ता’ के जुलाई 2008 के अंक में प्रकाशित हुए थे। एक और अनायास मिला आलेख था- भारतीय जन संचार संस्थान के पत्रकारिता में स्नातकोत्तर डिप्लोमा कार्यक्रम (1996-97) के लिए विजय शर्मा का ‘आज तकः एक विश्लेषण’ नाम से शोध कार्य के लिए किया गया एस पी का इंटरव्यू। इसका श्रेय वहां पढ़ा रहे दिलीप मंडल की खोजी नजर को जाता है।
फिर याद आया कि एसपी ने 1984 में आई गौतम घोष की फिल्म ‘पार’ के संवाद भी लिखे थे। इस फिल्म का टाइटिल वाला हिस्सा तो यूट्यूब पर मिला लेकिन फिल्म किसी तरह नहीं मिल रही थी। यहां भारतीय सूचना सेवा के अधिकारी और फिलहाल पूना के फिल्म एंड टीवी ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट में रजिस्ट्रार प्रकाश मकदुम ने सहयोग किया और फिल्म के संवाद तो नहीं लेकिन इसकी डीवीडी उपलब्ध करा दी, जिसके कुछ संवाद-सघन हिस्सों का ट्रांसक्रिप्शन करके इस पुस्तक में शामिल कर लिया। पूरी फिल्म के संवाद लेना कठिन था और अव्यावहारिक भी।
इतने पर लगा कि एसपी का ज्यादातर लेखन मिल गया है। सारा नहीं, तो कम से कम इतना तो है कि उस समय के ज्यादातर महत्वपूर्ण विषयों पर उनके विचार पाठक को पता लग सकें। लगा कि उनके लेखन को इकट्ठा पुस्तक रूप में लाने के काम का एक बड़ा हिस्सा पूरा हो गया।
जारी, अपनी बात भाग-2

सदस्यता लें
संदेश (Atom)